भविष्य संवार रहीं सुकन्या समृद्धि और बीमा योजनाएं ः एएसपी
बोकारो : डाक विभाग द्वारा जन-कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को चास प्रखंड के कनारी पश्चिमी पंचायत भवन में एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न डाक योजनाओं की बारीकी से जानकारी दी और उन्हें बचत व सुरक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया। शिविर को संबोधित करते हुए सहायक डाक अधीक्षक अभिजीत रंजन ने ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजना पर विशेष जोर दिया। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि यह योजना कम प्रीमियम में अधिक सुरक्षा प्रदान करती है और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए वित्तीय सुरक्षा का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने हर परिवार से इस बीमा योजना से जुड़ने का आह्वान किया। साथ ही, बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना के महत्व को साझा करते हुए कहा कि जिनके घरों में छोटी बेटियां हैं, वे उनकी उच्च शिक्षा और विवाह के लिए अभी से छोटी-छोटी बचत शुरू कर सकते हैं। यह भारत सरकार की एक ऐसी महत्वाकांक्षी योजना है जो न केवल सुरक्षित निवेश सुनिश्चित करती है, बल्कि आकर्षक ब्याज दरें भी प्रदान करती है।
सहायक डाक अधीक्षक ने यह भी जानकारी दी कि अब डाकघरों में पांच साल से कम उम्र के बच्चों का आधार कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे ग्रामीणों को अब लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता नहीं होगी। इसके अलावा, सामान्य बचत खातों के माध्यम से मिलने वाली बेहतर ब्याज दरों और अन्य वित्तीय लाभों के बारे में भी विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर गोविंद कुमार, अभिषेक कुमार, कुंडोरी बीपीएम मोनाली, मानगो बीपीएम सुहानी कुमारी, एपीएम जयप्रकाश मंडल और अनिल मरांडी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। ग्रामीणों ने डाक विभाग की इस पहल की सराहना की और कई लोगों ने मौके पर ही विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर खाते खुलवाने की प्रक्रिया शुरू की।
