दुंडीबाग में अतिक्रमण पर सख्ती, दोबारा कब्जा करने पर होगी एफआईआर

बोकारो: बोकारो एयरपोर्ट से सटे दुंडीबाग बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अतिक्रमण हटाए गए स्थानों पर दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। यह निर्णय बोकारो परिसदन सभागार में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में लिया गया, जिसमें एयरपोर्ट से जुड़े विभिन्न विकास और सुरक्षा कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में बोकारो स्टील प्रबंधन को निर्देश दिया गया कि अतिक्रमण मुक्त कराए गए परिसर में स्लैब के माध्यम से 15 दिनों के भीतर बाउंड्री निर्माण कार्य पूरा किया जाए। साथ ही संबंधित स्थानों पर “ट्रेसपासर्स विल बी प्रोसिक्यूटेड” के बोर्ड लगाने को कहा गया, ताकि दोबारा अतिक्रमण की कोशिशों पर रोक लगाई जा सके। दुंडीबाग क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस पिकेट स्थापना को लेकर भी चर्चा की गई।

उपायुक्त ने बोकारो स्टील प्रबंधन को दुंडीबाग बाजार सहित आसपास के प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने का निर्देश दिया। वहीं एसडीओ चास प्रांजल ढांडा को चिन्हित स्थलों की अद्यतन सूची बीएसएल प्रबंधन को उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सके।

समीक्षा बैठक में सतनपुर पहाड़ पर उच्च तीव्रता वाले फ्लैश लाइट और ऑब्स्ट्रक्शन लाइट का अधिष्ठापन एक सप्ताह के भीतर करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा एयरपोर्ट परिसर में बची झाड़ियों और पेड़ों की छंटाई जल्द पूरी करने को भी कहा गया, जिससे सुरक्षा और साफ-सफाई सुनिश्चित हो सके।

एयरपोर्ट संचालन से जुड़े प्रशासनिक कार्यों पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और बोकारो स्टील प्रबंधन के बीच एमओयू के नवीकरण तथा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से कंसेंट टू ऑपरेट के लिए आवेदन करने का निर्देश दिया और इन सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा।

बैठक में एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बॉम्ब थ्रेट कंटीजेंसी प्लान, सुरक्षा वेटिंग, बीसीएएस सिक्योरिटी क्लियरेंस, डॉग स्क्वाड यूनिट की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर भी चर्चा की गई। साथ ही डीजीसीए लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया, एयरपोर्ट पर दो एसीएफटी वाहनों की तैनाती और एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, डीएफओ नीतीश कुमार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, एसडीओ चास प्रांजल ढांडा, सिविल सर्जन ए. बी. प्रसाद, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के मनोज कुमार, बीएसएल टाउनशीप जीएम ए. के. तिवारी, एजीएम एविएशन पी. के. स्वैन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ एयरपोर्ट से जुड़े कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया।

Nominate your TRUE POLICE PERSONEL
Ad 2
Translate »