झारखंड में जिला स्तर पर संगठन विस्तार की तैयारी, WJAI की बैठक संपन्न

रांची : रांची प्रेस क्लब में शुक्रवार को वेब जर्नालिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI) की झारखंड प्रदेश इकाई की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष दीपक ओझा ने की, जिसमें संगठन के जिला स्तर तक विस्तार और नई टीमों के गठन पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि झारखंड के सभी जिलों में शीघ्र प्रभावी और सक्रिय जिला इकाइयों का गठन किया जाएगा, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाया जा सके और वेब पत्रकारों को संगठित मंच उपलब्ध हो। इस उद्देश्य से प्रदेश कार्यकारिणी ने विभिन्न जिलों के लिए प्रभारियों की जिम्मेदारी भी तय की।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष दीपक ओझा ने कहा कि संगठन का लक्ष्य राज्य के सभी जिलों में मजबूत इकाइयों का गठन कर पत्रकारों के हितों की रक्षा और वेब पत्रकारिता को सशक्त बनाना है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से सक्रियता और समन्वय के साथ संगठन विस्तार अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

बैठक में प्रदेश महासचिव पूर्णेंदु पुष्पेश, उपाध्यक्ष राजीव रंजन और मुकेश कुमार, सचिव पंकज जैन, कार्यालय सचिव राजीव कुमार सिंह तथा कार्यसमिति सदस्य सुमित रॉय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने जल्द से जल्द जिला स्तर पर संगठनात्मक ढांचा तैयार करने और सक्रिय पत्रकारों को संगठन से जोड़ने पर सहमति व्यक्त की।

Nominate your TRUE POLICE PERSONEL
Ad 2
Translate »