बोकारो : 2025 बैच के प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों के एक दल ने गुरुवार को बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) का महत्वपूर्ण दौरा किया और इस्पात उत्पादन प्रक्रिया की गहन जानकारी ली। पूर्वाह्न में सबसे पहले इन प्रशिक्षु अधिकारियों को मानव संसाधन के ज्ञानार्जन एवं विकास केंद्र में आमंत्रित किया गया, जहां उन्हें बोकारो स्टील प्लांट में उत्पादन प्रक्रिया के अलावा सीएसआर (सीएसआर), सस्टेनेबिलिटी एवं अन्य सामाजिक व तकनीकी गतिविधियों पर विस्तृत जानकारी दी गई। इसके उपरांत, इस्पात भवन स्थित मॉडल रूम में उन्हें प्लांट के ले-आउट से अवगत कराया गया ताकि वे एशिया के इस महत्वपूर्ण प्लांट की संरचना को समझ सकें।
अपराहन सत्र में प्रशिक्षुओं ने प्लांट भ्रमण के रोमांचक क्रम में कोक ओवन, हॉट स्ट्रिप मिल, सीआरएम-3 इत्यादि प्रमुख इकाइयों का बारीकी से अवलोकन किया। इन युवा अधिकारियों ने जमीन पर उतरकर उत्पादन की चुनौतियों को देखा। प्लांट भ्रमण के समापन के बाद प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने बीएसएल के निदेशक प्रभारी श्री प्रिय रंजन से भी खास मुलाकात की और अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान बीएसएल के अधिशासी निदेशक भी उपस्थित थे, जिन्होंने इन भविष्य के प्रशासकों का मार्गदर्शन किया।
