बोकारो ः नए साल के पहले दिन बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के गलियारे उत्साह और नई ऊर्जा से लबरेज नजर आए। नव वर्ष के शुभ अवसर पर संयंत्र के निदेशक प्रभारी श्री प्रिय रंजन और अधिशासी निदेशकों ने सीधे जमीन पर उतरकर इस्पातकर्मियों के बीच पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान संयंत्र के अन्य वरीय अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे, जिससे अधिकारियों और कर्मियों के बीच एक आत्मीय जुड़ाव देखने को मिला। निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन और वरीय अधिकारियों की टीम ने अपने भ्रमण की शुरुआत इस्पात भवन परिसर और बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) से की। वहां तैनात कर्मियों से भेंट करने के बाद अधिकारियों का काफिला सीधे संयंत्र के भीतर विभिन्न शॉप्स में पहुंचा। निदेशक प्रभारी को अपने बीच पाकर कर्मचारियों ने भी बड़ी गर्मजोशी और मुस्कुराहट के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान प्लांट के भीतर का माहौल उत्सव जैसा बन गया, जहां अधिकारियों और कर्मियों ने एक-दूसरे को नववर्ष की बधाई देकर अपनी खुशियां साझा कीं।
उत्कृष्टता के बेंचमार्क स्थापित करने का आह्वान
सिर्फ शुभकामनाएं ही नहीं, बल्कि इस मौके पर निदेशक प्रभारी ने भविष्य की एक बड़ी लकीर भी खींची। अपने संदेश में प्रिय रंजन ने सभी इस्पातकर्मियों से आह्वान किया कि वे नए साल में नई ऊंचाइयों को छूने का संकल्प लें। उन्होंने जोर देकर कहा कि 2026 में बोकारो स्टील प्लांट को हर क्षेत्र में उत्कृष्टता के ऐसे नए बेंचमार्क स्थापित करने हैं, जो पूरे देश के इस्पात जगत के लिए एक उदाहरण बन सकें। वरिष्ठ अधिकारियों के इस दौरे ने न केवल कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाया है, बल्कि उत्पादन और सुरक्षा के प्रति एक सकारात्मक संदेश भी दिया है। इस्पातकर्मियों ने भी विश्वास दिलाया कि वे अपनी कड़ी मेहनत से बीएसएल को विकास के अगले स्तर पर ले जाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
निदेशक प्रभारी ने इस्पातकर्मियों संग बांटी नए साल की खुशियां
– नए साल में उत्कृष्टता के नए शिखर छूएगा बीएसएल ः प्रिय रंजन
