बोकारो स्टेशन पर दिनदहाड़े गोलीकांड, सचिन यादव की हत्या से दहशत

बोकारो : बोकारो स्टील सिटी से रविवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां रेलवे स्टेशन के टेम्पो स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में अपराधियों ने सचिन यादव नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। सुरक्षित माने जाने वाले स्टेशन परिसर में हुई इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, सचिन यादव स्टेशन परिसर स्थित टेम्पो स्टैंड के पास खड़ा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ दो गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

घायल अवस्था में सचिन को तत्काल बोकारो जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। स्टेशन परिसर को कुछ देर के लिए पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आपसी रंजिश का मामला मान रही है। स्टेशन परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

रेलवे स्टेशन जैसे अत्यंत संवेदनशील और व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस हत्या से शहर में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

Nominate your TRUE POLICE PERSONEL
Ad 2
Translate »