कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए वरीय प्रबंधक (मानव संसाधन-अंतिम निपटारा प्रकोष्ठ) कल्पना ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया और इस संक्रमण काल के महत्व को साझा किया। उन्होंने बताया कि यह पड़ाव अंत नहीं, बल्कि एक नई यात्रा का आरंभ है। सेवानिवृत्ति के बाद वित्तीय स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए वित्त एवं लेखा विभाग की वरीय प्रबंधक विनीता ने कर्मियों को प्राप्त होने वाली विभिन्न निधियों और लाभों की विस्तृत जानकारी दी। इसी क्रम में उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक, चास शाखा के क्लस्टर मैनेजर प्रांजल कुमार और शाखा प्रबंधक महेश्वर साहू ने अपनी टीम के साथ वरिष्ठ नागरिकों के लिए निवेश के सुरक्षित विकल्पों और बैंकिंग योजनाओं पर प्रकाश डाला। साथ ही श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस के वेल्थ मैनेजर ऋतु रंजन कुमार ने एनपीएस (एनपीएस) निकासी की जटिल प्रक्रियाओं को सुगम तरीके से समझाया।
स्वास्थ्य और प्रशासनिक औपचारिकताओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया। चिकित्सा अधिकारी डॉ. जया लक्ष्मी ने सेवानिवृत्ति के बाद एक स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के उपयोगी टिप्स दिए, वहीं योग गुरु के. बी. मिश्रा ने उपस्थित कर्मियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया और शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग की अनिवार्यता पर चर्चा की। नगर प्रशासन विभाग की ओर से कनीय प्रबंधक प्रणव कुमार विद्रोही और उप प्रबंधक अमित कुमार मजूमदार ने आवास एवं भू-संपदा से जुड़ी तकनीकी औपचारिकताओं की जानकारी दी ताकि कर्मियों को आवास संबंधी कोई असुविधा न हो। कार्यक्रम के अंतिम चरण में अनीता झा ने अंतिम निपटारा गतिविधियों के बारे में बताया। पूरे आयोजन का सफल संचालन और धन्यवाद ज्ञापन श्रीमती कल्पना द्वारा किया गया। यह आयोजन न केवल बीएसएल की अपने कर्मियों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है, बल्कि उन्हें मानसिक और वित्तीय रूप से सशक्त बनाकर एक सम्मानजनक नई शुरुआत का मार्ग प्रशस्त करता है।
