लक्ष्य-प्राप्ति के संकल्प के साथ बोकारो में संपूर्णता अभियान 2.0 का शंखनाद
बोकारो: नीति आयोग के तत्वावधान में संचालित संपूर्णता अभियान 2.0 का जिले में भव्य आगाज हो गया है। जिला परिषद स्थित कांफ्रेंस हॉल में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा और उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर इस महत्वाकांक्षी अभियान को लॉन्च किया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्हें विकास के सभी मानकों को शत-प्रतिशत पूरा करने का लक्ष्य सौंपा गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने विकास की गहरी समझ पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि हमें क्षेत्र की सामाजिक, आर्थिक और भौगोलिक पृष्ठभूमि की स्पष्ट समझ हो, तो विकास की रणनीति अपने आप प्रभावी हो जाती है। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पुरस्कार जीतना नहीं है, बल्कि उग्रवाद और पिछड़ेपन जैसी समस्याओं को जड़ से समाप्त करना है। उन्होंने निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में स्थानीय पुलिस प्रशासन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचे और समाज में सुरक्षा व विश्वास का माहौल बने। उपायुक्त ने इस अभियान के लिए 8 मार्च 2026 तक का कड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है, ताकि निर्धारित समय-सीमा (14 अप्रैल) से पहले ही हम लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल कर सकें। इस अवसर पर डीपीएलआर मेनका, सिविल सर्जन डॉ. ए.बी. प्रसाद, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. एन.पी. सिंह, डीईओ जगरनाथ लोहरा, डीपीओ राज शर्मा, डीएसडब्ल्यूओ डॉ. सुमन गुप्ता, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. असीम कुमार सिंह और सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित पंकज दूबे और कंचन कुमारी जैसे कई महत्वपूर्ण अधिकारी मौजूद रहे।
तीन दिनों में मांगा गया एक्शन प्लान
उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार ने विभागीय तालमेल पर बल देते हुए सभी विभागों को तीन दिनों के भीतर विस्तृत एक्शन प्लान तैयार कर सौंपने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी लक्ष्य स्पष्ट और मापनीय होने चाहिए, ताकि अभियान का क्रियान्वयन पारदर्शी और परिणामोन्मुखी हो सके। इस दौरान उपायुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मियों को ब्लॉक व जिला स्तर पर संपूर्णता अभियान के सभी इंडिकेटरों को पूर्ण रूप से संतृप्त करने की सामूहिक शपथ दिलाई। उनका लक्ष्य बोकारो को एक आत्मनिर्भर और विकासोन्मुख जिले के रूप में स्थापित करना है, जो अन्य जिलों के लिए प्रेरणा का केंद्र बने।
