बोकारो: जिले में संचालित हो रही मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं को पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में सोमवार को उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। डीडीसी ने चास स्थित प्लस टू हाई स्कूल लकड़ाखंदा और प्लस टू हाई स्कूल सतनपुर के केंद्रों पर पहुँचकर वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने परीक्षा कक्षों में जाकर वीक्षण व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली और केंद्रों पर तैनात दंडाधिकारियों की उपस्थिति की जांच की। उन्होंने केंद्राधीक्षकों और वीक्षकों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षार्थियों को एक अनुशासित, सुरक्षित और कदाचारमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहें।
डीडीसी ने बताया कि सोमवार को मैट्रिक में विज्ञान विषय तथा इंटरमीडिएट में जीव विज्ञान, बिजनेस स्टडी और समाजशास्त्र की परीक्षा आयोजित की गई। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने केंद्राधीक्षकों से छात्रों की उपस्थिति और अनुपस्थिति के आंकड़ों के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) जगरनाथ लोहरा सहित शिक्षा विभाग के अन्य महत्वपूर्ण अधिकारी और कर्मी भी उपस्थित रहे।
