बिशुनपुर में बच्चा चोरी की अफवाह पर बवाल, महिला को पुलिस ने बचाया

बोकारो: बालीडीह थाना क्षेत्र के गोस्वामी टोला, बिशुनपुर में गुरुवार सुबह बच्चा चोरी की अफवाह पर हंगामा खड़ा हो गया। करीब 10 बजे सूचना मिली कि एक महिला को स्थानीय लोगों ने बच्चा चोर समझकर घेर लिया है। सूचना मिलते ही बालीडीह थाना की पेट्रोलिंग पार्टी और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। सामुदायिक भवन के पास लगभग 500 लोगों की भीड़ जमा थी और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था।

स्थानीय मुखिया ने बताया कि भीड़ महिला के साथ मारपीट करने का प्रयास कर रही थी, जिसे बचाकर सामुदायिक भवन के एक कमरे में रखा गया था। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ उग्र होती गई। स्थिति को देखते हुए अन्य थानों की पुलिस और नगर पुलिस उपाधीक्षक भी मौके पर पहुंचे। संयुक्त प्रयास से महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर थाना लाया गया।

जांच में महिला की पहचान मनीषा देवी, उम्र 27 वर्ष, निवासी तिलैया, थाना बरवड्डा, जिला धनबाद के रूप में हुई। वह DXN कंपनी के उत्पादों का प्रचार-प्रसार और बिक्री का कार्य करती हैं तथा इसी सिलसिले में गोस्वामी टोला पहुंची थीं। सत्यापन में बच्चा चोरी से जुड़ा कोई साक्ष्य नहीं मिला। पुलिस ने अफवाहों पर ध्यान न देने और संदिग्ध स्थिति में 112 या स्थानीय थाना को सूचना देने की अपील की है।

Nominate your TRUE POLICE PERSONEL
Ad 2
Translate »