वेदांता के चेयरमैन ने आत्मनिर्भर भारत का रोडमैप किया साझा
बोकारो ः वैश्विक अनिश्चितता और भू-राजनीतिक अस्थिरता के मौजूदा दौर में वेदांता लिमिटेड के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने भारत की ऊर्जा सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत अपनी तेल और गैस की जरूरतों का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा आयात करता है, जो देश की सुरक्षा और अर्थव्यवस्था के लिए एक बड़ा जोखिम है। इस संवेदनशीलता को कम करने के लिए घरेलू स्तर पर तेल और गैस का उत्पादन बढ़ाना अब वैकल्पिक नहीं, बल्कि अनिवार्य हो गया है।
अनिल अग्रवाल ने भारत को दुनिया का सबसे तेजी से बढ़ता ऊर्जा बाजार बताते हुए कहा कि अगले दो दशकों तक यहां मांग में निरंतर वृद्धि होती रहेगी। उन्होंने रेखांकित किया कि भारत के पास लगभग 300 अरब बैरल तेल और गैस के बराबर संसाधनों की अपार संभावनाएं छिपी हुई हैं, जिनका दोहन कर आत्मनिर्भरता का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उनके अनुसार, भारत के पास न केवल प्राकृतिक संसाधन हैं, बल्कि एक कुशल मानव संसाधन और स्टार्टअप्स का मजबूत इकोसिस्टम भी मौजूद है जो इस क्षेत्र में क्रांति ला सकता है।
इस उद्योग की सफलता के लिए उन्होंने एक्सप्लोरेशन यानी खोज को सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताया। अमेरिका का उदाहरण देते हुए उन्होंने सुझाव दिया कि यदि अन्वेषण के क्षेत्र को उद्यमियों के लिए पूरी तरह खोल दिया जाए, तो घरेलू उत्पादन में भारी उछाल आ सकता है, जैसा कि अमेरिका में हुआ है। उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि भारत में अन्वेषण लाइसेंसों की संख्या फिलहाल काफी कम है, जो बड़े निवेश के रास्ते में एक बाधा है। अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि आयात की तुलना में घरेलू उत्पादन की लागत लगभग आधी हो सकती है, जिससे न केवल सरकारी खजाने पर बोझ कम होगा बल्कि अब तक दिए गए 40 अरब डॉलर के योगदान को और भी बढ़ाया जा सकेगा।
अपना उत्पादन पांचगुना बढ़ाएगी वेदांता
वेदांता लिमिटेड ने अपने भविष्य के रोडमैप को साझा करते हुए श्री अग्रवाल ने बताया कि कंपनी का लक्ष्य अपने उत्पादन को पांच गुना तक बढ़ाना है। हालांकि, उन्होंने कहा कि विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए पूरे देश को अपने कुल उत्पादन में दस गुना वृद्धि करने की आवश्यकता होगी। उन्होंने सरकार से एक स्थिर, पारदर्शी और सहयोगी नीतिगत वातावरण बनाने की अपील की है ताकि निजी क्षेत्र ऊर्जा आत्मनिर्भरता के अभियान में पूरी शक्ति के साथ योगदान दे सके और बड़े पैमाने पर रोजगार का सृजन हो सके।
Nominate your TRUE POLICE PERSONEL